अभिनेता सलमान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

अभिनेता सलमान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

गुजरात। अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित आवास के बाहर गोली चलाने के दोनों आरोपी गुजरात के भुज से गिरफ्तार कर लिए गए हैं। मामले की जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम को यह बड़ी सफलता देर रात मिली। खबर के मुताबिक गुजरात पुलिस की टीम ने पश्चिमी कच्छ से दोनों को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। मुंबई क्राइम ब्रांच दोनों आरोपियों को लेकर मंगलवार सुबह रवाना होगी। दोनों से मुंबई में पूछताछ की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, शूटरों ने कुछ दिन पहले बांद्रा में सलमान के आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट की रेकी की थी। पुलिस को संदेह है कि अनमोल ने फेसबुक पोस्ट डालने के लिए वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का इस्तेमाल किया था। पुलिस के मुताबिक बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाली धमकी भरी फेसबुक पोस्ट गैंगस्टर लॉरेंस के भाई अनमोल ने पुर्तगाल से की थी।जांच क्राइम ब्रांच को सौंपे जाने से पहले बांद्रा पुलिस के अधिकारी ने बताया, भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम के तहत 'अज्ञात व्यक्ति' के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सलमान को रविवार को हुई फायरिंग से पहले मिली धमकियों के मद्देनजर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से भी बात कर सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया।