कपिल शर्मा के ‘कैप्स कैफे’ के पास फिर फायरिंग, बिश्नोई गैंग ने दी धमकी
कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा वाले रेस्टोरेंट 'कैप्स कैफे' के पास एक बार फिर गोलीबारी की गई। यह फायरिंग उनके कैफे के पास स्थित रेस्टोरेंट पर की गई। बिश्नोई गैंग के एक कथित सदस्य ने सोशल मीडिया के जरिए कपिल शर्मा को धमकाया भी है।
कपिल शर्मा को सोशल मीडिया पर धमकाया
इस फायरिंग की घटना के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई। जिसे टायसन बिश्नोई जोरा सिद्धू नाम के व्यक्ति ने साझा किया है। यह बिश्नोई गैंग का कथित सदस्य बताया जाता है। इसमें वह लिखता है, ‘चाय सुट्टा बार कैफे पर गोली चली है। यह कैप्स कैफे के पड़ोस में है। हमारा इसको और कपिल शर्मा को मैसेज है कि लाइन पर आ जाओ।’
आगे पोस्ट में कपिल शर्मा को चेतावनी देते हुए कहा गया, ‘चाय सुट्टा बार की जगह पर तेरा कैप्स कैफे और मुंबई वाला घर होगा। अबकी बार हम किसी की सिफारिश पर नहीं रुकेंगे।’
तीन बार हो चुकी है कैप्स कैफे पर फायरिंग
कपिल शर्मा के कैफे पर पहले तीन बार फायरिंग हो चुकी है। सबसे पहले हुई फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। यह गिरोह बॉलीवुड हस्तियों को धमकियां देने के लिए चर्चा है। तीसरी बार भी इस गैंग के मेंबर्स ने कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग की थी। पहली बार फायरिंग पिछले साल जुलाई में और दूसरी बार फायरिंग अगस्त महीने में हुई थी। तीसरी फायरिंग की घटना पिछले साल दिवाली से पहले की गई थी।
करियर फ्रंट पर क्या कर रहे हैं कपिल शर्मा?
इन दिनों नेटिफ्लिक्स पर कपिल शर्मा के कॉमेडी शो का चौथा सीजन दर्शकों को देखने को मिल रहा है। वहीं कुछ वक्त पहले उनकी फिल्म 'किस किसको प्यार करूं 2' रिलीज हुई थी। इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रेस्पॉन्स नहीं मिला था।