कुम्हारी में सिलेंडर ब्लास्ट से दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के 4 लोग जिंदा जले, डेढ़ साल की बच्ची भी नहीं बची

कुम्हारी में सिलेंडर ब्लास्ट से दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के 4 लोग जिंदा जले, डेढ़ साल की बच्ची भी नहीं बची

भिलाई। दुर्ग जिले के कुम्हारी में मंगलवार को दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। वार्ड नंबर 4 स्थित एक मकान में सिलेंडर ब्लास्ट होने के बाद लगी भीषण आग में एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। मृतकों की पहचान अनिल वैष्णव (45 वर्ष), चांदनी वैष्णव (18 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (20 वर्ष) और गोपिका वैष्णव (1 वर्ष) के रूप में हुई है।जानकारी के मुताबिक मंगलवार को अचानक घर के भीतर तेज धमाका हुआ। बताया जा रहा है कि घरेलू गैस सिलेंडर फटने से यह विस्फोट हुआ, जिसके बाद मकान में तेजी से आग फैल गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि कोई अंदर नहीं जा सका। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और कुम्हारी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।जब तक राहत और बचाव कार्य पूरा हुआ, तब तक घर के अंदर से चार लोगों के शव बरामद किए गए। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोग हादसे की भयावहता देखकर स्तब्ध हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सिलेंडर ब्लास्ट को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।