घरेलू गैस सिलेंडर की फर्जी डिलीवरी का मामला, गैस एजेंसी संचालक पर एफआईआर दर्ज
बिलासपुर। शहर के तारबाहर थाना क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर की फर्जी डिलीवरी दिखाकर उपभोक्ताओं के नाम पर धोखाधड़ी और कूटरचना किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर तारबाहर पुलिस ने भारत गैस की विनोद गैस एजेंसी के संचालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, तोरवा स्थित शांति विहार निवासी मनीष मिश्रा ने 12 मार्च को घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी। कई दिनों तक सिलेंडर घर नहीं पहुंचने पर उन्होंने कंपनी के मोबाइल ऐप में डिलीवरी की स्थिति जांची। ऐप में 18 मार्च को सिलेंडर की डिलीवरी दर्ज दिखाई गई और 1002 रुपये का भुगतान भी प्रदर्शित किया गया था। जबकि शिकायतकर्ता के अनुसार न तो उनके घर सिलेंडर पहुंचा था और न ही उन्होंने किसी डिलीवरी कर्मी को भुगतान किया था।मामले की पड़ताल के दौरान शिकायतकर्ता ने अपने पुराने गैस रिकॉर्ड भी खंगाले। जांच में पता चला कि पिछले कुछ महीनों के दौरान उनके नाम पर करीब 10 बार गैस सिलेंडर की डिलीवरी दर्ज की गई थी, जबकि गैस कार्ड में केवल 3 वास्तविक डिलीवरी की ही प्रविष्टि मौजूद थी। रिकॉर्ड में इस बड़े अंतर ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया। शिकायत मिलने के बाद तारबाहर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस द्वारा एजेंसी के रिकॉर्ड, मोबाइल ऐप में दर्ज डिलीवरी विवरण और अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।