रायपुर पूमा के नाम पर बिक रहे थे नकली जूते, दो थोक व्यापारियों पर केस दर्ज, 618 जोड़ी नकली स्लाइडर जब्त

रायपुर  पूमा के नाम पर बिक रहे थे नकली जूते, दो थोक व्यापारियों पर केस दर्ज, 618 जोड़ी नकली स्लाइडर जब्त

रायपुर। प्रसिद्ध स्पोर्ट्स ब्रांड पूमा के नाम पर नकली जूते बेचने के मामले में माना थाना पुलिस ने दो थोक व्यापारियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने सरदार पटेल थोक फुटवियर मार्केट में छापेमार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में नकली स्लाइडर जब्त किए हैं।जानकारी के अनुसार पूमा कंपनी के इंदौर कार्यालय में पदस्थ सेल्स ऑफिसर गौरव श्रीवास्तव (40) ने माना थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस टीम के साथ शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे से 1 बजे के बीच सरदार पटेल थोक फुटवियर मार्केट में दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान राहुल नेभानी की राज फुटवियर तथा मोहम्मद खुस्तर की कलकत्ता बूट हाउस की जांच की गई। यहां से पूमा ब्रांड के नाम पर बेचे जा रहे कुल 618 जोड़ी नकली स्लाइडर बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 74 हजार 780 रुपये बताई गई है। इनमें से अकेले राज फुटवियर से 518 जोड़ी नकली स्लाइडर जब्त किए गए।

पुलिस ने दोनों व्यापारियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 51 एवं 63 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली उत्पाद कहां से लाए गए थे और इन्हें किन-किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा था।