राज्य तलवार की नोक पर करोड़ों की लूट, ज्वेलरी स्टोर मैनेजर पर हमला कर बदमाश फरार
रायपुर जिले में देर रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने ज्वेलरी शोरूम के मैनेजर पर हमला कर एक करोड़ रुपये से अधिक के आभूषण लूट लिए। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मामला खरोरा थाना क्षेत्र का है। 5 मई की रात विनायक ज्वेलर्स के मैनेजर विनीत सोनी तिल्दाडीह स्थित दूसरी शाखा से सोने-चांदी के आभूषण लेकर खरोरा लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो से तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर तलवार से मैनेजर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल विनीत सोनी सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश उनके पास मौजूद आभूषणों से भरा बैग लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल मैनेजर ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही आरोपियों की तलाश में शहर और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इस बड़ी लूट की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।