लैब में रील बनाना पड़ा भारी, 3 महिला टेक्नीशियनों की नौकरी गई

लैब में रील बनाना पड़ा भारी, 3 महिला टेक्नीशियनों की नौकरी गई

दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में मरीजों की जांच और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच सोशल मीडिया रील बनाना तीन महिला टेक्नीशियनों को भारी पड़ गया। लैब के अंदर ब्लड सैंपल और जांच उपकरणों के साथ बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। कार्रवाई के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने वीडियो में नजर आ रही तीनों महिला टेक्नीशियनों की सेवाएं समाप्त कर दीं।

लैब के अंदर बनाई रील, सोशल मीडिया पर हुई वायरल
जानकारी के मुताबिक, तीनों टेक्नीशियनों ने 24 अगस्त को लैब के अंदर रील बनाई थी। करीब पांच दिन बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में महिलाएं लैब के भीतर अलग-अलग अंदाज में रील बनाती नजर आ रही हैं।

एक वीडियो में टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर कैटवॉक करते हुए रील बनाई गई, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की चेयर पर बैठकर वीडियो शूट किया गया। सरकारी अस्पताल की जांच लैब में इस तरह वीडियो बनाए जाने को विभाग ने गंभीरता से लिया।

वायरल वीडियो के बाद शुरू हुई कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद दुर्ग के सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने अटल आरोग्य लैब के प्रभारी जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। इसके बाद लैब प्रभारी ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र भेजा।

मामले की जांच और पत्राचार के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने वीडियो में दिखाई दे रही तीनों महिला टेक्नीशियनों की सेवाएं समाप्त कर दीं।

मरीजों की जांच व्यवस्था पर भी नजर
स्वास्थ्य विभाग अब यह भी देख रहा है कि जिस समय लैब में रील बनाई जा रही थी, उस दौरान मरीजों की जांच, ब्लड सैंपल कलेक्शन या लैब की नियमित व्यवस्था प्रभावित हुई थी या नहीं। विभाग इस पहलू की भी जांच कर रहा है।

सिविल सर्जन ने की कार्रवाई की पुष्टि

सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो सामने आने के बाद लैब प्रभारी को नोटिस दिया गया था। प्रभारी की ओर से HLL लाइफकेयर लिमिटेड को संबंधित स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया, जिसके बाद कंपनी ने वीडियो में दिखाई दे रहे स्टाफ की सेवाएं समाप्त कर दीं।