वाराणसी में ATS मुठभेड़: 30 लाख का इनामी नक्सली बृजेश गंझू ढेर, टीम पर की थी फायरिंग
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में यूपी ATS ने मुठभेड़ के दौरान 30 लाख रुपये के इनामी नक्सली बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह को मार गिराने का दावा किया है। वह झारखंड के प्रतिबंधित संगठन टीपीसी (Tritiya Prastuti Committee) का कमांडर बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना रामनगर थाना क्षेत्र में सुबह करीब 5 बजे की है। ATS टीम ने बाइक सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि उसने ATS टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान DSP विपिन राय और एक हेड कांस्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं। इसके बाद ATS टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बृजेश गंझू गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बृजेश गंझू के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज थे। करीब आठ साल पहले NIA ने उसे टेरर फंडिंग मामले में वांटेड घोषित किया था। वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था और उस पर 30 लाख रुपये का इनाम घोषित बताया गया था।