अडानी पावर प्लांट में मजदूरों का बवाल: जमकर पथराव, TI समेत कई घायल
राजधानी से लगे खरोरा के रायखेड़ा स्थित अडानी पावर प्लांट में रविवार देर रात मजदूरों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब बिक्री को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद बिहार और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के बीच मारपीट और जमकर पथराव हुआ। हालात काबू करने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव हुआ, जिसमें खरोरा थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। रायखेड़ा सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी के शीशे भी टूट गए।
शराब बिक्री के विवाद से शुरू हुआ बवाल
पुलिस के मुताबिक, प्लांट में मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच शराब बेचने को लेकर विवाद हुआ था। ग्रामीण भी आसपास शराब बिक्री का विरोध कर रहे थे। इसी मुद्दे पर कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते मामला मजदूरों के दो गुटों के बीच हिंसक टकराव में बदल गया।
पथराव में पुलिस और गार्ड भी घायल
बलवा की सूचना मिलते ही खरोरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान पथराव शुरू हो गया। इसमें थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी है। फैक्ट्री के सुरक्षा गार्डों के घायल होने की बात भी सामने आई है।
सरपंच की गाड़ी में तोड़फोड़
विवाद के दौरान रायखेड़ा सरपंच दिनेश वर्मा भी मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान पथराव की चपेट में उनकी गाड़ी आ गई और वाहन के शीशे टूट गए। फैक्ट्री परिसर में भी तोड़फोड़ की जानकारी सामने आई है।
रायपुर से पहुंचा अतिरिक्त पुलिस बल
स्थिति बिगड़ने के बाद रायपुर से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। विधानसभा CSP वीरेंद्र चतुर्वेदी के मुताबिक फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं।
फैक्ट्री में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद प्लांट और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फैक्ट्री में आने-जाने वाले लोगों की चेकिंग की जा रही है। पुलिस अब बलवा, पथराव और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। विवाद की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।