क्लासरूम में चेनसॉ लेकर घुसा युवक, सरकारी स्कूल की दो छात्राओं पर किया जानलेवा हमला,एक छात्रा की हालत गंभीर; दूसरी सहेली को बचाने के प्रयास में घायल
अनंतपुर। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में एक सरकारी स्कूल के भीतर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 21 वर्षीय युवक पावर चेनसॉ लेकर सीधे कक्षा में घुस गया और दसवीं की छात्रा पर हमला कर दिया। इस दौरान दूसरी छात्रा भी उसे बचाने के लिए आगे आई तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। वारदात के समय कक्षा में पढ़ाई चल रही थी और शिक्षिका भी मौजूद थीं। अचानक हुए इस हमले से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायल छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
घटना शनिवार 31 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे अनंतपुर जिले के राप्ताडु गांव स्थित जिला परिषद हाईस्कूल में हुई। जानकारी के मुताबिक, दसवीं की कक्षा में छात्राएं पढ़ाई कर रही थीं। इसी दौरान आरोपी हाथ में लकड़ी काटने वाली मशीननुमा चेनसॉ लेकर कक्षा में दाखिल हुआ। इससे पहले कि शिक्षक और छात्र कुछ समझ पाते, उसने एक छात्रा पर हमला कर दिया। हमले में छात्रा के चेहरे, गर्दन और पेट पर गंभीर चोटें आईं। उसकी एक हाथ की स्थिति भी बेहद गंभीर बताई गई है।
सहेली को बचाने आई छात्रा भी घायल
कक्षा में मौजूद दूसरी छात्रा ने जब अपनी सहेली को बचाने का प्रयास किया तो वह भी हमले की चपेट में आ गई। अचानक हुई इस वारदात से कक्षा में चीख-पुकार मच गई। छात्र-छात्राएं जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद स्कूल के शिक्षक और कर्मचारी भी सकते में आ गए। घायल दोनों छात्राओं को तत्काल अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल छात्रा की हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बेंगलुरु ले जाने की तैयारी भी की गई।
धर्मावरम रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी की पहचान हेमंत उर्फ डुम्मू के रूप में की है। वह श्री सत्य साईं जिले के धर्मावरम मंडल के नागुलुर गांव का निवासी बताया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कूल से फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने सूचना के आधार पर घेराबंदी कर उसे धर्मावरम रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में आरोपी के घायल छात्रा का दूर का रिश्तेदार होने की बात सामने आई है।
प्रेम प्रस्ताव ठुकराने की बात भी जांच के दायरे में
कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि आरोपी छात्रा को पहले से परेशान कर रहा था और कथित तौर पर प्रेम प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हमले के पीछे की वास्तविक वजह अभी आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं हुई है।
मुख्यमंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा आक्रोश जताया है। उन्होंने घायल छात्रा के उपचार की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल के भीतर बच्चियों पर इस तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस को आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
राज्य के शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने भी घटना की निंदा करते हुए इसे अमानवीय कृत्य बताया। उन्होंने कहा कि स्कूल बच्चों के लिए शिक्षा और सुरक्षा का स्थान है। वहां इस तरह की हिंसक घटना बेहद चिंताजनक है। घटना के बाद सरकारी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर एक बाहरी व्यक्ति चेनसॉ जैसी खतरनाक मशीन लेकर स्कूल परिसर में दाखिल होकर सीधे कक्षा तक कैसे पहुंच गया।