फल खरीदने रुके युवक से ₹10 हजार की लूट, दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक जब्त
धमतरी। जिले में राहगीरों से लूटपाट करने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। सांकरा मोड़ स्थित जरही माता मंदिर के पास फल खरीदने के लिए रुके एक युवक के साथ मारपीट कर 10 हजार रुपये लूटने वाले दो आरोपियों को अर्जुनी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,700 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम गातापार निवासी 28 वर्षीय शीतल कुमार साहू 13 नवंबर को अपनी मोटरसाइकिल से ससुराल ग्राम भोथली में आयोजित नहावन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उनके पास 10 हजार रुपये नकद थे। दोपहर करीब 1:20 बजे जब वह सांकरा मोड़ स्थित जरही माता मंदिर के पास फल खरीदने के लिए रुके, तभी पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे।
आरोप है कि दोनों युवकों ने पहले शीतल के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर हाथ-मुक्कों से मारपीट कर उन्हें डराया-धमकाया और उनकी जेब से 10 हजार रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड रखा पर्स छीनकर फरार हो गए।
घटना की शिकायत मिलते ही अर्जुनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 187/26 के तहत धारा 309(6) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़ित ने आरोपियों की पल्सर बाइक का नंबर CG 05 AU 8630 नोट कर लिया था। इसी सुराग और स्थानीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने ग्राम सांकरा के नितिन साहू और संदीप सोरी उर्फ विनय को हिरासत में लिया।
पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि लूटे गए 10 हजार रुपये आपस में 5-5 हजार रुपये बांट लिए थे। कुछ रकम खाने-पीने में खर्च कर दी, जबकि पर्स और उसमें रखे दस्तावेज फेंक दिए।
पुलिस ने आरोपी नितिन साहू के कब्जे से 2,450 रुपये और वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक, जबकि संदीप सोरी के कब्जे से 1,250 रुपये बरामद किए। कुल 3,700 रुपये नकद और बाइक जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन साहू (25 वर्ष) और संदीप सोरी उर्फ विनय (18 वर्ष) दोनों निवासी ग्राम सांकरा के रूप में हुई है। पुलिस ने 14 नवंबर को दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।