साल का पहला सूर्य ग्रहण आज, 50 वर्षों बाद सबसे लंबा चलने वाला ग्रहण होगा

साल का पहला सूर्य ग्रहण आज, 50 वर्षों बाद सबसे लंबा चलने वाला ग्रहण होगा

आज साल का पहला सूर्य ग्रहण लगेगा। यह सूर्य ग्रहण 50 वर्षों बाद सबसे लंबा चलने वाला ग्रहण होगा जो करीब 5 घंटे और 25 मिनट तक चलेगा। यह पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा जिसके चलते जब ग्रहण अपने चरम पर होगा तब कुछ समय के लिए पृथ्वी पर अंधेरा छा जाएगा। इस सूर्य ग्रहण को भारत में नहीं देखा जा सकेगा जिसके कारण सूर्य ग्रहण का सूतक काल मान्य नहीं होगा। आज चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि और कल से यानी 09 अप्रैल से चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि लग जाएगी। हर वर्ष चैत्र शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि पर चैत्र नवरात्रि शुरू होती है। लेकिन इस बार चैत्र नवरात्रि के शुरू होने से एक दिन पहले सूर्य ग्रहण लग रहा है। भारतीय समयानुसार यह ग्रहण 08 अप्रैल को रात 09 बजकर 12 मिनट से शुरू होगा जो 9 अप्रैल की सुबह 2 बजकर 22 मिनट तक चलेगा। लेकिन भारत में इस ग्रहण को नहीं देखा जा सकेगा इस कारण सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। ऐसे में मां दुर्गा की आराधना के पर्व नवरात्रि पर इसका कोई प्रभाव नहीं रहेगा। साल के पहले सूर्य ग्रहण का प्रभाव और सूतक काल भारत पर नहीं पड़ेगा। इस कारण से सभी तरह के शुभ कार्य और धार्मिक अनुष्ठान बिना रोक टोक के किया जा सकता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण को शुभ नहीं माना जाता है और इस ग्रहण के दौरान  गर्भवती महिलाओं को ग्रहण के दौरान विशेष सावधानियां बरतनी चाहिए। गर्भवती महिलाओं को न तो ग्रहण देखना चाहिए और न ही ग्रहण के दौरान घर से बाहर जाना चाहिए।  ग्रहण के दौरान अगर गर्वभती महिलाएं सूर्य ग्रहण देखती हैं या फिर बाहर निकलती हैं तो गर्भ में पल रहे नवजात शिशु पर नकारात्मक असर पड़ता है। ग्रहण के दौरान सूर्य से निकलने वाली किरणें मां और बच्चे की सेहत पर बुरा प्रभाव डालती हैं।