घर के बाहर बैठी बच्चों और महिलाओं सहित 5 लोगों को ट्रैक्टर ने रौंदा, मां-बेटी की मौत, लोगों ने किया चक्काजाम

दुर्ग। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने घर के बाहर बैठी महिलाओं और बच्चों समेत 5 लोगों को रौंद दिया। इससे मां और बेटी की मौत हो गई। वहीं 3 लोगों की हालत गंभीर है। आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर दिया। घटना जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के बेलौदी मालूद गांव का है। हादसे में जिस मां-बेटी की जान गई है, वो दोनों गर्मी की छुट्टियां मनाने के लिए बेलौदी गांव अपने नानी के घर आए थे। संतोषी के स्कूल की छुट्टियां चल रही है। फिलहाल, पुलिस ट्रैक्टर जब्त कर मामले में आगे की जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में सोमवार रात करीब 9 बजे यह हादसा हुआ है। मृतकों की पहचान संतोषी निषाद (8 साल) और उसकी मां सरस्वती देशमुख (55 साल) के रूप में हुई है। यह सभी गर्मी के चलते ठंडी हवा लेने के लिए खाना खाने के बाद घर के बाहर बैठी थी। हादसे में घायल 3 लोगों को पुलिस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज चल रहा है। जबकि एक बच्ची को यशोधरा अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मृतक संतोषी और सरस्वती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी में रखवा दिया गया है। एक्सीडेंट के बाद गुस्साए गांव के लोगों ने रात में ही मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पुलिस ने लोगों को शांत कराया। इसके बाद पीड़ित परिजनों ने मंगलवार सुबह 10 बजे फिर से मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर नारेबाजी की।