बलरामपुर में महिला ने तीन बच्चों को दिया जन्म, परिवार में खुशी
जिले के रघुनाथ नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। जानकारी के अनुसार, मां और दो बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है, जबकि एक बच्चे का वजन कम होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए वाड्राफनगर सिविल अस्पताल रेफर किया गया है।
डॉक्टर कृपा शंकर भगत ने बताया कि प्रसव सामान्य रूप से हुआ है और मां सहित दो बच्चों की स्थिति स्थिर है। कम वजन वाले बच्चे को विशेष देखभाल के लिए रेफर किया गया है।
महिला के पति ने बताया कि वे ग्राम पंचायत चकदेही के निवासी हैं और इलाज के लिए रघुनाथ नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आए थे, जहां उनकी पत्नी ने तीन बच्चों को जन्म दिया। घटना के बाद परिवार में खुशी का माहौल है और पूरे इलाके में इसकी चर्चा हो रही है।