दुर्ग में अफीम की खेती: बीजेपी नेता समेत दो गिरफ्तार, NCB की भी एंट्री
दुर्ग जिले के समोदा गांव में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता विनायक ताम्रकर और राजस्थान निवासी युवक विकास विश्नोई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं इस मामले में भाजपा ने भी विनायक ताम्रकर को पार्टी से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक समोदा गांव में एक खेत में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही थी। गांव के सरपंच ने पुलिस को इस अवैध खेती की जानकारी दी थी। 6 मार्च को सूचना के आधार पर पुलिस ने विनायक ताम्रकर के खेत पर छापामार कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस को चार से पांच एकड़ में लहलहाती अफीम की फसल मिली। बताया जा रहा है कि अवैध खेती को छिपाने के लिए अफीम के पौधे मक्के की फसल के बीच लगाए गए थे, ताकि किसी को आसानी से शक न हो।
जांच के लिए पहुंची केंद्रीय एजेंसी
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम के साथ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के अधिकारी भी पहुंचे और फसल के नमूने लेकर जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस ने पूरे खेत को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया है और खेती से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
जमीन रिश्तेदारों के नाम पर दर्ज
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिस जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी, वह मधुबाला और मधुमति ताम्रकार के नाम पर दर्ज है। दोनों को भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है।
लीज पर लेकर की जा रही थी खेती
पुलिस पूछताछ में विकास विश्नोई ने बताया कि जमीन राजस्थान के जोधपुर निवासी आचल दास ने लीज पर ली थी। फिलहाल वह होली के चलते अपने गांव गया हुआ है। बताया जा रहा है कि विकास विश्नोई पिछले कई वर्षों से समोदा गांव में रहकर खेती-किसानी का काम कर रहा था।
राजनीति भी गरमाई
मामला सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौके पर पहुंचे और खेत का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अवैध अफीम की खेती के पीछे किन-किन लोगों की भूमिका है।