पलारी जनपद पंचायत के 37 आवास मित्रों का मानदेय अटका, जनपद अध्यक्ष से भुगतान की मांग

पलारी जनपद पंचायत के 37 आवास मित्रों का मानदेय अटका, जनपद अध्यक्ष से भुगतान की मांग

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी जनपद पंचायत में कार्यरत 37 आवास मित्रों का मानदेय भुगतान नहीं होने का मामला सामने आया है। आवास मित्रों ने इस संबंध में जनपद पंचायत अध्यक्ष को आवेदन देकर जल्द भुगतान कराने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, पलारी जनपद पंचायत में कार्यरत 37 आवास मित्रों को फरवरी माह से बिना किसी लिखित आदेश के कार्य से पृथक कर दिया गया है और उनका मानदेय भी अब तक नहीं दिया गया है। बताया गया है कि जिला पंचायत द्वारा एक माह पहले ही आवास मित्रों के मानदेय के लिए जनपद पंचायत को राशि आवंटित कर दी गई थी, लेकिन 10 मार्च 2026 तक भुगतान नहीं किया गया।
आवास मित्रों का कहना है कि 10 मार्च 2026 को उन्हें मानदेय के संबंध में बुलाया गया था, जहां हितग्राहियों की सूची देकर उनसे हस्ताक्षर कराकर जमा करने को कहा गया और केवल 150 आवास का ही मानदेय देने की बात कही गई। जबकि जनपद पंचायत पलारी में 10157 आवास की स्वीकृति हुई थी जिसमे आवास मित्रो द्वारा 7819 आवासों को पूर्ण कराया जा चुका है। जिसमे सभी आवास मित्रों के द्वारा लगभग 250 से अधिक आवासों का कार्य पूरा कराया है।
आवास मित्रों ने यह भी बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 का अंतिम माह चल रहा है। यदि हितग्राहियों से हस्ताक्षर करवाने में देरी होती है तो वित्तीय वर्ष समाप्त हो जाएगा और उनका मानदेय भुगतान लंबित रह सकता है।
आवास मित्रों ने जनपद पंचायत अध्यक्ष से मांग की है कि उनके लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कराया जाए।