भारतमाला मुआवजा घोटाले में फरार SDO निर्भय कुमार साहू गिरफ्तार

भारतमाला मुआवजा घोटाले में फरार SDO निर्भय कुमार साहू गिरफ्तार

बहुचर्चित भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जांच एजेंसी ने लंबे समय से फरार चल रहे तत्कालीन एसडीओ एवं भू-अर्जन के सक्षम प्राधिकारी निर्भय कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पद का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपये के फर्जी मुआवजे का भुगतान करने का आरोप है।

भूमि अधिग्रहण में बड़ा खेल
मामला भारतमाला परियोजना के तहत अभनपुर क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण से जुड़ा है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पटवारी, राजस्व निरीक्षक और जमीन कारोबारियों के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा। ग्राम नायकबांधा, उगेतरा, उरला, भेलवाडीह और टोकरो की जमीन को बैकडेट में छोटे-छोटे टुकड़ों में बांटकर कई गुना ज्यादा मुआवजा जारी किया गया।

जलाशय की जमीन पर भी फर्जीवाड़ा
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि नायकबांधा जलाशय के लिए पहले से अधिग्रहित भूमि को दोबारा परियोजना के नाम पर अधिग्रहित दिखाकर मुआवजा बांट दिया गया, जिससे शासन को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।

जमानत खारिज, वारंट के बाद गिरफ्तारी
आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए सुप्रीम कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया। इसके बाद विशेष न्यायालय से स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ, लेकिन वह लगातार फरार था।

30 मार्च तक पुलिस रिमांड
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 17 से 30 मार्च 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। इस दौरान पूरे घोटाले के नेटवर्क और अन्य आरोपियों को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।

जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ में इस बहुचर्चित घोटाले से जुड़े कई बड़े नाम और तथ्य सामने आ सकते हैं।