विधायक पुरंदर मिश्रा ने निजी उपयोग के लिए खरीदा ई-रिक्शा, पर्यावरण संरक्षण और पेट्रोल-डीजल बचत का दिया संदेश

विधायक पुरंदर मिश्रा ने निजी उपयोग के लिए खरीदा ई-रिक्शा, पर्यावरण संरक्षण और पेट्रोल-डीजल बचत का दिया संदेश

रायपुर - उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक पुरंदर मिश्रा ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के अपील पर आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वदेशी अपनाओ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए निजी उपयोग के लिए ई-रिक्शा खरीदा है। विधायक पुरंदर मिश्रा ने संकल्प लिया है कि वे रायपुर के स्थानीय कार्यक्रमों एवं जनसंपर्क अभियानों में अधिकतर ई-रिक्शा से ही आवागमन करेंगे।

इसी क्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा आज “सुशासन तिहार गांव-गांव, द्वार-द्वार — सुशासन की सरकार” के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में अपने नए ई-रिक्शा से पहुंचकर शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती खपत देश की अर्थव्यवस्था पर प्रभाव डाल सकती है भविष्य में हमे किसी प्रकार ईंधन के समस्याओं का सामान न करना पड़े उसके लिए यदि जनप्रतिनिधि और आमजन छोटे-छोटे प्रयास करें तो भारतीय मुद्रा की बचत के साथ-साथ प्रदूषण को भी कम किया जा सकता है।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वाहन भविष्य की आवश्यकता हैं और इनके उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी। उन्होंने लोगों से भी अधिक से अधिक ई-व्हीकल और ई-रिक्शा अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि “देशहित और पर्यावरण संरक्षण के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।”

जनसमस्या निवारण शिविर में विधायक पुरंदर मिश्रा ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित “सुशासन तिहार” का उद्देश्य एक ही छत के नीचे आमजन की समस्याओं का निराकरण करना है, ताकि लोगों को भटकना न पड़े और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया। विधायक पुरंदर मिश्रा ने “सांसे हो रही है कम, आओ पेड़ लगाएं हम” का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण देना हम सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुनील सोनी जी, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जोन 4 की आयुक्त दिव्या चंद्रवंशी, जोन 4 के जोन अध्यक्ष मुरली शर्मा, शंकर नगर मंडल अध्यक्ष राम प्रजापति, तेलीबांधा मंडल अध्यक्ष दलविंदर बेदी, एमआईसी सदस्य संजना संतोष हियाल, पार्षद कैलाश बेहरा एवं पार्षद अंजुमन ढेबर जी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।