जगदलपुर में नवीन शासकीय संगीत महाविद्यालय में बी.पी.ए. पाठ्यक्रम हेतु प्रवेश प्रारंभ
संगीत एवं प्रदर्शन कलाओं के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों और संगीत प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध हुआ है। उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नवीन शासकीय संगीत महाविद्यालय, जगदलपुर की स्थापना की गई है, जिसमें 4 वर्षीय बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स (B.P.A.) पाठ्यक्रम प्रारंभ किया गया है।
वर्तमान में महाविद्यालय के संचालन की व्यवस्था शासकीय दंतेश्वरी पी.जी. महिला महाविद्यालय, जगदलपुर में की गई है। पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इस कोर्स में प्रवेश के लिए आयु की कोई सीमा नहीं है तथा कक्षा 12वीं उत्तीर्ण कोई भी अभ्यर्थी प्रवेश प्राप्त कर सकता है। पाठ्यक्रम की वार्षिक फीस लगभग 1700 रुपये निर्धारित की गई है।
उल्लेखनीय है कि विगत दिनों डॉ. लवली शर्मा, कुलपति, इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ द्वारा निरीक्षण कर छात्र छात्राओं से मुलाकात की गयी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महाविद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संगीत शिक्षा के विस्तार एवं गुणवत्ता संवर्धन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
महाविद्यालय प्रशासन ने संगीत के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों, कलाकारों एवं संगीत साधकों से इस अवसर का लाभ उठाते हुए शीघ्र प्रवेश लेने की अपील की है।यह संस्थान बस्तर की अनूठी सांस्कृतिक विरासत, लोक संगीत और जनजातीय कला परंपराओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।