चेन स्नेचिंग गैंग का भंडाफोड़, ओडिशा से आकर महिलाओं को बनाते थे निशाना

चेन स्नेचिंग गैंग का भंडाफोड़, ओडिशा से आकर महिलाओं को बनाते थे निशाना

बिलासपुर। शहर में महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसीसीयू और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ओडिशा से संचालित इस गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में पांच आरोपी ओडिशा के निवासी हैं, जबकि एक स्थानीय सहयोगी बिलासपुर का रहने वाला है। पुलिस तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।पुलिस के अनुसार 15 जून को तोरवा थाना क्षेत्र की शिवधाम कॉलोनी में रहने वाली संजू कुमारी के गले से सोने की चेन झपट ली गई थी। इसके कुछ दिनों बाद सिरगिट्टी क्षेत्र में भी एक महिला के साथ मारपीट कर चेन लूटने की घटना सामने आई। लगातार हो रही वारदातों से पुलिस पर दबाव बढ़ गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में दोनों घटनाओं में एक ही गिरोह की संलिप्तता सामने आई। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी बिना नंबर की नीले रंग की स्कूटी का उपयोग कर रहे थे। सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम ने सिरगिट्टी के गणेश नगर में दबिश देकर स्थानीय आरोपी नवीन साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने कई अहम खुलासे किए। उसने बताया कि वह ओडिशा से आने वाले अपराधियों को अपने घर में ठहराता था और उन्हें स्थानीय स्तर पर मदद उपलब्ध कराता था।जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य पहले शहर में घूमकर रेकी करते थे। इसके बाद सुबह के समय जब महिलाएं अकेली टहलने या मंदिर जाने निकलती थीं, तब उन्हें निशाना बनाया जाता था। आरोपी तेज रफ्तार दोपहिया वाहन से पहुंचकर चेन झपटते और मौके से फरार हो जाते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव सिंह, शक्ति प्रसाद, प्रमोद सिंह, अतुल मुंडा, बसंता खड़िया और नवीन साहू के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह का नेटवर्क अन्य राज्यों तक भी फैला हो सकता है और इस संबंध में जांच जारी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ लूट, आपराधिक षड्यंत्र और संगठित अपराध से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से सतर्क रहने और सुनसान इलाकों में अकेले चलते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा है।