दिनदहाड़े घर में घुसकर युवती की गोली मारकर हत्या, नकाबपोश बदमाश फरार
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज हत्या की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है। जोंगरा गांव में दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने घर में घुसकर एक युवती को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी घटना के बाद फरार हो गए।
मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह हर्बल लाइफ उत्पादों का व्यवसाय करती थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक बाइक से गांव पहुंचे और घर में मौजूद पूर्णिमा चौहान के बारे में पूछताछ की। पहचान सुनिश्चित करने के बाद उन्होंने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही पूर्णिमा चौहान जमीन पर गिर पड़ीं। घटना के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
सूचना मिलते ही सक्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, व्यवसायिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है और उनकी तलाश जारी है।