अंधविश्वास ने उजाड़ा परिवार: पति ने पत्नी-बच्चों की हत्या कर खुद भी दी जान
राजस्थान के फलोदी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देचू थाना क्षेत्र के फतेहगढ़ गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति ने पहले अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या की, इसके बाद खुद फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतकों की पहचान गेनाराम (35), उसकी पत्नी पुष्पा (32), बेटी खुशबू (13) और बेटे किशन (10) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गेनाराम मूल रूप से पाली जिले का निवासी था और पिछले करीब पांच वर्षों से फलोदी के एक खेत में मजदूरी कर परिवार के साथ रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, गेनाराम की पत्नी पुष्पा लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। उसका इलाज भी चल रहा था। इसी बीच वह एक भोपा (तांत्रिक) के संपर्क में आया, जिसने पुष्पा पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कही। बताया जा रहा है कि इस अंधविश्वास और पारिवारिक तनाव के चलते गेनाराम मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, उसने पहले पत्नी और दोनों बच्चों का गला दबाकर हत्या की और बाद में खुद फंदे से लटककर जान दे दी।
मंगलवार सुबह जब ग्रामीण खेत पहुंचे तो घर के भीतर पत्नी और दोनों बच्चों के शव पड़े मिले, जबकि गेनाराम का शव फंदे से लटका हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही देचू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।