छत्तीसगढ़ कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे पर तिरंगे के अपमान का आरोप, बीजेपी हुई हमलावर

रायपुर में तिरंगे को लेकर राजनीति चरम पर है. अब कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे पर तिरंगे के अपमान का आरोप लगा है.

छत्तीसगढ़ कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे पर तिरंगे के अपमान का आरोप, बीजेपी हुई हमलावर

आजादी की 75वीं वर्षगांठ को पूरे देश में अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा  है. हर घर तिरंगा अभियान के तहत भाजपा कांग्रेस दोनों तिरंगा रैली निकालकर लोगों को घरों में तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित कर रही है. इसी कड़ी में बुधवार को रायपुर नगर निगम में तिरंगा यात्रा निकाली गई. इस तिरंगा यात्रा में नगर निगम के सभापति और कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे  ने तिरंगा झंडा अमर रहे के नारे लगाए. इसको लेकर अब राजनीति शुरू हो गई है. बीजेपी ने "तिरंगा झंडा अमर रहे" के नारे को राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बताया है.

बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि "कांग्रेस के नेताओं के द्वारा लगातार राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का अपमान किया जा रहा है. कांग्रेस को भारतीय जनता पार्टी से दिक्कत है. हमें इसकी कोई परवाह नहीं है. लेकिन भारतीय जनता पार्टी से नफरत के कारण तिरंगा झंडे का जो अपमान किया जा रहा है, वह हम नहीं सहेंगे. शहीद विभूतियों के लिए जिस शब्दों का प्रयोग किया जाता है, उन शब्दों का प्रयोग तिरंगे के लिए किया जा रहा है. यह तिरंगे का स्पष्ट रूप से अपमान है. तिरंगा कांग्रेसियों के बावजूद जिंदाबाद था जिंदाबाद है और जिंदाबाद रहेगा.''

बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा " राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारी आन बान शान का प्रतीक है. तिरंगे के अपमान को हम बिल्कुल भी नहीं सहेंगे. हम मुख्यमंत्री से कहना चाहते हैं कि अगर कांग्रेस इस तरीके से तिरंगे का अपमान करती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए. हम तो इस पर कानूनी सलाह लेकर निश्चित रूप से कार्रवाई करेंगे. भाजपा तिरंगे का अपमान नहीं सहेगी.''

भाजपा ने अपने सोशल मीडिया पर कांग्रेस के तिरंगा रैली का एक वीडियो शेयर किया है. जिसमें नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे गली में तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं. तिरंगा यात्रा में कई कांग्रेस कार्यकर्ता और सैकड़ों की संख्या में आम लोग भी हैं. इस तिरंगा यात्रा में प्रमोद दुबे यह नारा लगाते हुए नजर आ रहे हैं कि तिरंगा झंडा अमर रहे.