ओम माथुर ने सही कहा छत्तीसगढ़ में भाजपा कांग्रेस के लिये कोई चुनौती नहीं -मोहन मरकाम

भाजपा प्रभारी ओम माथुर द्वारा छत्तीसगढ़ में भाजपा को कांग्रेस कोई चुनौती नहीं है बताये जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि ओम माथुर ने सच स्वीकारा है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की मजबूती के सामने वास्तव में भाजपा कोई चुनौती नहीं है। ओम माथुर को प्रभारी बनने के साथ इस बात की जानकारी हो चुकी थी इसलिये प्रभारी बनने के बाद वो छत्तीसगढ़ आने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। वे बड़ी हिम्मत करके तीन महिने बाद छत्तीसगढ़ आये हैं। छत्तीसगढ़ भाजपा कांग्रेस से इतनी डरी हुई है कि 2018 की हार के बाद उसने अभी तक 4 प्रदेश अध्यक्ष, एक नेता प्रतिपक्ष और तीन प्रभारी बदला है। 2018 के बाद ओम माथुर तीसरे भाजपा के प्रभारी है। जो भी प्रभारी छत्तीसगढ़ आता है वह अपने पहले प्रवास में बड़ी-बड़ी बातें करता है लेकिन राज्य की जमीनी हकीकत देखने के बाद उसके भी हौसले पस्त हो जाते है। डी. पुरंदेश्वरी भी जब भाजपा की प्रभारी बन कर आई तो उन्होंने कांग्रेस को थूक कर बहाने की दंभोक्ति किया था लेकिन अंततः उन्हें खुद वापस होना पड़ा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा 2018 का विधानसभा चुनाव तीन चौथाई बहुमत से हारने के बाद लगातार जनता का भरोसा खोते जा रही। चार उपचुनाव, नगरीय निकाय चुनाव, पंचायत चुनाव सभी में भाजपा को जनता ने नकारा है तथा कांग्रेस को भरपूर आर्शिवाद दिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि ओम माथुर भाजपा के राष्ट्रीय प्रभारी है। उनसे छत्तीसगढ़ की जनता जानना चाहती है केंद्र में उनकी सरकार है भाजपा ने देश में महंगाई कम करने का वायदा किया था। आज देश में महंगाई चरम पर है इस पर उनका क्या कहना है? हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार के वायदे का क्या हुआ? ओम माथुर बताएं 2022 तक किसानों की आय दुगुना करने के वायदे का क्या हुआ? हर के खाते में 15 लाख कब आयेंगे ओम माथुर बतायें? छत्तीसगढ़ की जनता जानना चाहती है राज्य के 9 भाजपा सांसदों ने प्रदेश के लिये क्या किया? मोदी सरकार छत्तीसगढ़ के साथ सौतेला व्यवहार क्यों करती है? क्या छत्तीसगढ़ भाजपा के लिये सिर्फ वोट लेने की जगह है।