‘हमर पहुना’ में रोहिताश्व गौड़ ने साझा किए ‘भाभी जी घर पर हैं’ के अनुभव
लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘भाभी जी घर पर हैं’ में मनमोहन तिवारी का चर्चित किरदार निभाने वाले अभिनेता रोहिताश्व गौड़ रविवार को रायपुर प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अपने अभिनय सफर, धारावाहिक की लोकप्रियता, कलाकारों में बदलाव और बदलते मनोरंजन माध्यमों को लेकर पत्रकारों से खुलकर संवाद किया।
सातवें निर्मल पांडेय स्मृति फिल्म फेस्टिवल में शामिल होने रायपुर पहुंचे रोहिताश्व गौड़ ने ‘भाभी जी घर पर हैं’ से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि धारावाहिक को लगातार 11 वर्षों से मिल रहा दर्शकों का प्यार इसकी सरल, सहज और पारिवारिक कॉमेडी का परिणाम है। गली-मोहल्ले और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी परिस्थितियां दर्शकों को कहानी से आसानी से जोड़ती हैं।
कलाकारों के बदलाव से प्रभावित होता है दर्शकों का जुड़ाव
रोहिताश्व गौड़ ने धारावाहिक में अनीता भाभी और अंगूरी भाभी के किरदारों में हुए बदलाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक किसी किरदार को निभाने वाले कलाकार के बदलने से दर्शकों का भावनात्मक जुड़ाव प्रभावित हो सकता है। हालांकि, कलाकारों में बदलाव के बावजूद धारावाहिक के मूल किरदारों और इसकी विषय-वस्तु से दर्शकों का जुड़ाव बना हुआ है।
Gen-Z के प्रदर्शन को बताया अधिकार, अभद्र भाषा पर जताई आपत्ति
Gen-Z के प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिनेता ने कहा कि युवाओं को अपने अधिकारों और मांगों के लिए आवाज उठाने का पूरा अधिकार है। हालांकि, उन्होंने प्रदर्शन के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि अपनी बात मजबूती से रखने के साथ भाषा की गरिमा और सामाजिक मर्यादा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
वेब सीरीज में सेंसरशिप के पक्ष में
वेब सीरीज को मनोरंजन का प्रभावशाली नया माध्यम बताते हुए रोहिताश्व गौड़ ने इसमें इस्तेमाल होने वाली आपत्तिजनक भाषा पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वेब सीरीज में भाषा पर नियंत्रण और आवश्यक सेंसरशिप की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि मनोरंजन के साथ सामाजिक मर्यादा भी बनी रहे।
आसिफ शेख को बताया करीबी दोस्त
‘भाभी जी घर पर हैं’ में अपने लंबे सफर को याद करते हुए रोहिताश्व गौड़ ने अभिनेता आसिफ शेख के साथ अपनी दोस्ती और धारावाहिक से जुड़ी यादें भी साझा कीं। उन्होंने कहा कि इस धारावाहिक ने उन्हें दर्शकों का प्यार देने के साथ कई अच्छे रिश्ते भी दिए।
कार्यक्रम में रोहिताश्व गौड़ की पत्नी रेखा गौड़ भी मौजूद रहीं। इस दौरान रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।
‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में रोहिताश्व गौड़ ने पत्रकारों के सवालों के सहज और रोचक अंदाज में जवाब दिए। कार्यक्रम में सिनेमा, टेलीविजन, अभिनय और बदलते मनोरंजन माध्यमों को लेकर सार्थक संवाद हुआ।