15 अगस्त को रायपुर में बदलेगा ट्रैफिक प्लान, जानें पार्किंग से डायवर्जन तक पूरी व्यवस्था
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री द्वारा ध्वजारोहण और परेड की सलामी के दौरान बड़ी संख्या में अतिथियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने पार्किंग, रूट और डायवर्जन की विस्तृत व्यवस्था जारी की है।
पास के रंग के हिसाब से होगी पार्किंग
लाल कार पास वाले आमंत्रित अतिथि PWD चौक, छत्तीसगढ़ कॉलेज, कुंदन पैलेस, PWD कॉलोनी और MT वर्क्स शॉप गेट होते हुए वायरलेस ऑफिस के सामने से VIP पार्किंग तक पहुंच सकेंगे।
हरा कार पास वाले अतिथि PWD चौक से छत्तीसगढ़ कॉलेज, कुंदन पैलेस और RI गेट चौक होते हुए सेंट पॉल स्कूल की पार्किंग में वाहन खड़ा करेंगे।
बिना कार पास आने वाले लोगों के लिए सेंट पॉल स्कूल ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। वाहन पार्क करने के बाद दर्शक RI गेट से पैदल पुलिस लाइन में प्रवेश कर सकेंगे।
स्कूल बसों के लिए अलग व्यवस्था
विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को लेकर आने वाली स्कूल बसें पुलिस लाइन के धमतरी गेट से प्रवेश करेंगी। हेलीपेड के पास विद्यार्थियों को उतारने के बाद बसों को स्केटिंग ग्राउंड के समीप निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा किया जाएगा।
कई मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
समारोह के दौरान पेंशनबाड़ा चौक, PWD चौक और महिला थाना चौक से पुलिस लाइन की ओर केवल अधिकृत वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा। सामान्य यातायात को जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल के आसपास मुख्य और संपर्क मार्गों पर सड़क किनारे वाहन खड़ा करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। निर्धारित पार्किंग के बाहर वाहन खड़ा करने पर यातायात पुलिस कार्रवाई करेगी।
मीडिया वाहनों के लिए भी व्यवस्था
मीडिया की OB वैन को पुलिस लाइन के धमतरी गेट से प्रवेश दिया जाएगा और हेलीपेड के पास निर्धारित स्थान पर पार्क कराया जाएगा।
परेड ग्राउंड में इन सामानों पर रोक
सुरक्षा कारणों से शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, माचिस, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ, छाता, पटाखे, हथियार, चाकू, तलवार, कैंची, ब्लेड, लाठी, हॉकी स्टिक, गुब्बारे, गेंद, प्रचार सामग्री, लाउड हैलर, हॉर्न, रेडियो और पालतू जानवर समेत कई वस्तुओं को अंदर ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
समय से पहले घर से निकलने की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करें, सड़क किनारे वाहन न खड़ा करें और बैरिकेडिंग व डायवर्जन का पालन करें। भीड़ और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए लोगों से कार्यक्रम स्थल के लिए समय से पहले रवाना होने और पार्किंग से पैदल जाने की अपील की गई है।
पुलिस ने कहा है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अतिथियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।