बैंक में लाखों की हेराफेरी, ACB ने SBI के पूर्व मुख्य प्रबंधक को गिरफ्तार किया

बैंक में लाखों की हेराफेरी, ACB ने SBI के पूर्व मुख्य प्रबंधक को गिरफ्तार किया

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की बाल्को शाखा, जिला कोरबा के पूर्व मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को एसीबी-ईओडब्ल्यू की टीम ने गिरफ्तार किया है। उन पर बैंक के 93,60,797 रुपये कथित तौर पर अवैध तरीके से दूसरे खातों में ट्रांसफर करने का आरोप है। एसीबी बिलासपुर की टीम ने आरोपी को झारखंड के दुमका स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाए जाने के बाद उन्हें कोरबा की अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

2020 में दर्ज हुई थी शिकायत
मामले में वर्ष 2020 में कोरबा क्षेत्र के तत्कालीन प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने रायपुर स्थित आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई थी।

पत्नी और ड्राइवर के खातों में रकम भेजने का आरोप
जांच के अनुसार, सुनील कुमार झा ने 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 के बीच बाल्को शाखा में मुख्य प्रबंधक रहते हुए बैंक के विभिन्न खातों से कथित तौर पर 93,60,797 रुपये निकाले और अपनी पत्नी श्वेता झा, ड्राइवर रूदेश्वर सिंह ठाकुर सहित अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर किए। इस लेनदेन से बैंक को 93,60,797 रुपये का नुकसान होने का आरोप है।

जांच में वाउचर और बैंक खातों के रिकॉर्ड मिले
जांच एजेंसियों ने बैंक के कई महत्वपूर्ण खातों के रिकॉर्ड जब्त किए हैं। इनमें टर्म लोन ब्याज खाता, सिस्टम सस्पेंस खाता और डिस्काउंट खाता शामिल हैं। इसके अलावा श्वेता झा और ड्राइवर के बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दायरे में आए हैं।

जांच में आरोप है कि सुनील कुमार झा ने खुद ट्रांसफर और डेबिट वाउचर तैयार किए थे। इन्हीं दस्तावेजों के जरिए बैंक खातों से रकम निकालकर दूसरे खातों में भेजी गई।

भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी की धाराएं भी जोड़ी गईं
मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं 13(1)(क) और 13(2) के साथ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराएं 420, 467, 468 और 471 के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और मामले की आगे की जांच जारी है।