राज्यसभा के लिए लक्ष्मी वर्मा और फूलोदेवी नेताम निर्विरोध निर्वाचित
राज्यसभा के लिए छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा और फूलोदेवी नेताम को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। निर्वाचन के बाद लक्ष्मी वर्मा ने अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किया, जबकि फूलोदेवी नेताम ने कुछ देर बाद प्रमाण पत्र लेने की प्रक्रिया पूरी की।
निर्वाचित होने के बाद लक्ष्मी वर्मा विष्णुदेव साय से मुलाकात करने उनके निवास पहुंचीं।
उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा के लिए अपना उम्मीदवार बनाया था, जबकि कांग्रेस ने फूलोदेवी नेताम को एक बार फिर राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया था। नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च को दोनों उम्मीदवारों ने विधानसभा में रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इस दौरान दोनों दलों के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
निर्वाचन के बाद लक्ष्मी वर्मा ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को इतना बड़ा अवसर देना पार्टी की कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लंबे समय से महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य करती आ रही है।
लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि उन्होंने पार्षद रहते हुए क्षेत्र के विकास और महिलाओं के कौशल विकास के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने उनके कार्यों को सम्मान देते हुए यह अवसर दिया है और अब वे दिल्ली में छत्तीसगढ़ के हितों को मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगी। साथ ही महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में भी काम करेंगी।