नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कांग्रेस का विरोध दुर्भाग्यपूर्ण: योगेश योगी वर्मा

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कांग्रेस का विरोध दुर्भाग्यपूर्ण: योगेश योगी वर्मा

पलारी। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर देशभर में चर्चा तेज हो गई है। भाजपा युवा मोर्चा मण्डल पलारी के मीडिया प्रभारी योगेश योगी वर्मा ने कांग्रेस के रुख पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे महिलाओं के हितों के खिलाफ बताया है।
योगेश योगी वर्मा ने कहा कि यह अधिनियम देश की माताओं-बहनों को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी कदम है। ऐसे महत्वपूर्ण विधेयक पर कांग्रेस द्वारा लोकसभा में विरोध करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह दर्शाता है कि पार्टी महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर भी राजनीति करने से पीछे नहीं हटती।
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों को प्राथमिकता देती आई है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम इसी सोच का परिणाम है, जो आने वाले समय में महिलाओं की भागीदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
वर्मा ने यह भी कहा कि देश की जनता अब जागरूक है और वह समझती है कि कौन वास्तव में महिलाओं के हित में काम कर रहा है और कौन केवल राजनीतिक स्वार्थ साधने में लगा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अधिनियम देश में एक सकारात्मक बदलाव लेकर आएगा और महिलाओं को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।