रायपुर में 10.71 किलो गांजा के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, मेरठ तक सप्लाई की थी तैयारी

रायपुर में 10.71 किलो गांजा के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, मेरठ तक सप्लाई की थी तैयारी

रायपुर। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10.710 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 5.45 लाख रुपये आंकी गई है।

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि राजपूताना होटल के सामने हनुमान मंदिर के पास एक युवक बैग में गांजा लेकर सप्लाई का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अभिषेक कुमार (19), निवासी थाना सरूरपुर, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 10.710 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गांजा ओडिशा से लेकर आया था और उसे मेरठ तक पहुंचाने की योजना थी। पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं। थाना गंज में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गांजा किन-किन राज्यों से होकर रायपुर पहुंचा और आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल पूरे नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।