रायपुर में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार; 2 लाख के चार दोपहिया वाहन जब्त

रायपुर में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार; 2 लाख के चार दोपहिया वाहन जब्त

 राजधानी रायपुर में बढ़ती दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के तीन दोपहिया वाहन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक बाइक समेत कुल चार वाहन जब्त किए हैं, जिनकी कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम ने चोरी के मामलों की जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि थाना खरोरा का हिस्ट्रीशीटर अभिषेक राय उर्फ जीतू लगातार चोरी की दोपहिया गाड़ियों का इस्तेमाल कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने विधानसभा क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को टीवीएस ड्रीम योगा मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने अपने भाई के साथ मिलकर थाना पंडरी क्षेत्र स्थित बालाजी अस्पताल की पार्किंग से बाइक चोरी की थी।

आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वह अपने भाई के साथ पल्सर बाइक से घूमकर दोपहिया वाहनों की रेकी करता था और विधानसभा क्षेत्र समेत अन्य जगहों से वाहन चोरी करता था। चोरी के बाद पहचान छिपाने के लिए वाहनों के नंबर प्लेट बदल दिए जाते थे।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टीवीएस ड्रीम योगा, स्प्लेंडर, एक्टिवा सहित तीन चोरी के वाहन बरामद किए। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक भी जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपी अभिषेक राय उर्फ जीतू (26) खरोरा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ खरोरा, विधानसभा सहित विभिन्न थानों में वाहन चोरी और चोरी के 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह दुर्ग जिले के थाना अंडा में दर्ज बैंक डकैती के मामले में भी जेल जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी का भाई भी शामिल है, जो फिलहाल फरार है। उसकी तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।