भक्ति, उल्लास और जनआस्था के महासंगम में संपन्न हुई भगवान श्रीजगन्नाथ महाप्रभु की दिव्य बाहुड़ा रथयात्रा, जयघोषों के बीच श्रीमंदिर लौटे प्रभु
रायपुर। श्री जगन्नाथ सेवा समिति, गायत्री नगर (शंकर नगर), रायपुर के तत्वावधान में भगवान श्रीजगन्नाथ महाप्रभु, बड़े भाई भगवान श्रीबलभद्र एवं बहन देवी सुभद्रा की पावन बाहुड़ा रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के अद्भुत वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुई। नौ दिवसीय प्रवास के पश्चात भगवान श्रीजगन्नाथ महाप्रभु अपने मौसी घर गुंडिचा (मौसी) मंदिर से पुनः अपने मूल निवास श्रीजगन्नाथ मंदिर पधारे। इस दिव्य यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने रथ खींचकर स्वयं को धन्य माना तथा संपूर्ण मार्ग "जय जगन्नाथ" के गगनभेदी जयघोष, भजन-कीर्तन और हरिनाम संकीर्तन से गुंजायमान रहा।
दोपहर 3 बजे प्रारंभ हुई बाहुड़ा रथयात्रा में भगवान श्रीबलभद्र तालध्वज रथ, देवी सुभद्रा देवदलन रथ तथा भगवान श्रीजगन्नाथ महाप्रभु नंदीघोष रथ पर विराजमान होकर नगरवासियों को दिव्य दर्शन देते हुए श्रीमंदिर की ओर प्रस्थान किए। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती एवं स्वागत कर प्रभु का अभिनंदन किया। संपूर्ण वातावरण भक्ति, आस्था और उत्साह से सराबोर रहा।
मौसी मंदिर में नौ दिनों के प्रवास के दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती, भजन-कीर्तन, छप्पन भोग एवं महाप्रसाद का आयोजन हुआ। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिर परिसर में सुबह से देर रात तक भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और संपूर्ण क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा एवं भक्तिरस से ओतप्रोत रहा।
बाहुड़ा रथयात्रा के सफल आयोजन हेतु समिति द्वारा रथ मार्ग को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे संपूर्ण आयोजन अनुशासित, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, संगठन महामंत्री श्री पवन साय जी, कैबिनेट मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े,भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष श्री रामप्रताप सिंह, भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष श्री रमेश सिंह ठाकुर, पंडित सदन तिवारी, महिला बाल संरक्षण के अध्यक्ष डॉ वर्णिका शर्मा, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ ममता साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी तथा हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्री जगन्नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष एवं उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने कहा कि "कलियुग के साक्षात भगवान श्रीजगन्नाथ स्वामी समरसता, सेवा, करुणा और लोककल्याण के प्रतीक हैं। बाहुड़ा रथयात्रा हमें समाज में प्रेम, भाईचारे और मानव सेवा का संदेश देती है।" उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों, प्रशासन, पुलिस, मीडिया एवं समिति के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि रायपुर में आयोजित भगवान श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा और बाहुड़ा रथयात्रा अब केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। प्रतिवर्ष बढ़ती श्रद्धालुओं की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि भगवान श्रीजगन्नाथ के प्रति जनआस्था निरंतर प्रगाढ़ होती जा रही है। भक्ति, सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता का संदेश देती यह दिव्य बाहुड़ा रथयात्रा पूरे रायपुर को पुनः भक्तिरस में सराबोर कर गई तथा श्रद्धालुओं के हृदय में अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभूति छोड़ गई।