कांग्रेस सरकार का बजट ऐसा जैसे लूट-मार कर लौट रही है तुगलकी सेना-बृजमोहन बजट भाषण में बृजमोहन अग्रवाल का भूपेश सरकार पर करारा प्रहार...

भूपेश बघेल की ठग सरकार ने साढ़े 4 साल में छत्तीसगढ़ को सिर्फ ठगा है।

कांग्रेस सरकार का बजट ऐसा जैसे लूट-मार कर लौट रही है तुगलकी सेना-बृजमोहन  बजट भाषण में बृजमोहन अग्रवाल का भूपेश सरकार पर करारा प्रहार...

छत्तीसगढ़ विधानसभा में सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर चर्चा करते हुए भाजपा के वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने सरकार पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि पूरे बजट को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे भागती हुई तुगलकी सेना लूटमार करते हुए जा रही है। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को ठगेश की सरकार,तुगलकी सरकार, लुटेरों की सरकार, नटवरलाल की सरकार, शुतुरमुर्ग सरकार की संज्ञा देते हुए कहा की मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पूरे प्रदेश को ठगने में लगे है।

बृजमोहन ने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने साढ़े 4 साल तक कुछ भी नहीं किया। केवल जनता को झूठ परोसा है। छत्तीसगढ़ में बसे ठीक नहीं चल पा रही,सड़कों के गड्ढे नहीं भरे जा रहे और वे बात मेट्रो ट्रेन की कर रहे हैं। इसके सर्वे कराने की बात कह रहे हैं। अरे भाई सर्वे का अधिकार केंद्र के पास है।यह तुगलकी सरकार तो चमड़े के सिक्के तक चलाने का काम कर जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार के 6 महीने बचे हैं। इन 6 महीनों में बजट का 50 फ़ीसदी भी खर्च नहीं हो पाएगा। घोषणा वीर कुछ भी जो संभव नहीं है वह भी कहते जा रहे हैं।
बृजमोहन ने नटवरलाल मिथिलेश कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि उस व्यक्ति को 130 साल की जेल हुई थी। वह फर्जीवाड़ा कर राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद बन लोगों की नियुक्ति भी कर रहा था। वह धीरूभाई अंबानी के हस्ताक्षर कर भी गड़बड़ियां कर रहा था। और आज देखो उसके गांव में उसकी मूर्ति लग रही है। कुछ ऐसा ही हाल छत्तीसगढ़ में भी है।

उन्होंने सरकार की कमी कमजोरियां गिनाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने 3 मेडिकल कॉलेज के लिए 270 करोड रुपए प्रदान कर दिए हैं। परंतु यह सरकार अपने हिस्से की 50 करोड़ भी देने में पीछे हट रही है। बेरोजगारी पर कहा कि यहा 18 लाख बेरोजगार हैं। परंतु ढाई सौ करोड़ का बजट रखकर आपने बेरोजगारों को भी छल दिया है। यहा पर भी महीने के 500 करोड़ लगेंगे।

सरकार विधानसभा में जवाब देती है कि 56 हजार करोड कर्ज लिया है। जबकि मंडल, आयोग, निगम के माध्यम से 1 लाख 40 हजार करोड़ कर्ज़ छत्तीसगढ़ की जनता के ऊपर थोपा गया है। इस कांग्रेस सरकार का बजट 132000 करोड़ का है जिसमें 22 हजार करोड़ केवल ब्याज चुका रही है। शुतुरमुर्ग बनी यह सरकार यह सोच रही है कि जनता को कुछ समझ नहीं आ रहा। परंतु छत्तीसगढ़ की समझदार जनता सब देख और समझ रही है बस वक्त का इंतजार कर रही है।
चिट फंड से पैसे वापस दिलाने 12 लाख आवेदन कलेक्टर ऑफिस में धूल खा रहे हैं।
चिटफंड वालों की जमीन बेचकर 32 करोड़ की वसूली हुई है, असल में वह जमीन 100 करोड़ से ज्यादा की थी। यहा पर भी सरकार घोटाला करने में पीछे नहीं रही।

बृजमोहन ने कहा छत्तीसगढ़ स्कूली शिक्षा में जो 34वे नंबर पर है, ऐसा तो हाल है छत्तीसगढ़ की शिक्षा का। जितना काम किया नहीं उससे ज्यादा होर्डिंग लगाकर दिखावा करते हैं। एक सवाल के जवाब में आया कि श्रमिकों को दो करोड़ के उपकरण बांटे गए और विज्ञापन में 8 करोड़ खर्च किया गया।
उन्होंने कहा कि योजनाएं चलाने की बात यह कहते थे।आज एक योजना नहीं चल रही।200 फूड पार्क जनता खोज रही है। कृषि मंत्री क्षेत्र में ही 100 करोड का टमाटर सड़कों पर फेंका जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विधायक मोहन मरकाम ने डीएमएफ के 7 करोड़ बंदरबांट की बात सदन में कही। पूरे प्रदेश में ऐसा घोटाला 7000 करोड़ का होगा।
संस्कृति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ तीज त्यौहार सिर्फ सरकारी हो गए हैं। गांव में जंगलों में संस्कृति खतरे में है। बस्तर धर्मांतरण की आग में जल रहा है। आदिवासी समाज धर्मांतरण के विरोध में सड़क पर है। सरकार छत्तीसगढ़ को काला यूरोप बनाने में लगी हुई है। पर्यटन संस्कृति विभाग पर कहां की वहां एक मोमबत्ती भी जलेगी तो दो करोड़ का घोटाला सामने आएगा। छत्तीसगढ़ से बनी पूर्व सांसद की बेटी को ₹50 करोड़ इवेंट मैनेजमेंट के लिए प्रदान किया गया है। क्या यह बंदरबांट नहीं है।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि बजट के पहले पैराग्राफ में लिखा है गढ़बों नवा छत्तीसगढ़। पर इन्होंने छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का गढ़,अपराध का गढ़, नशे का गढ़, माफियाओं, अराजकता का गढ़ बना दिया है। हत्या,लूट,चाकूबाजी यहां आम बात हो गई है। नक्सलियों के हौसले फिर से बुलंद हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि यह कैरियर किलिंग सरकार है
। रोजगार की बड़ी-बड़ी बात होर्डिंग और भाषण में करते हैं। राहुल गांधी भी बड़ी बातें मंच से कहते हैं। आज 21000 लोगों की भर्ती अदालत में पेंडिंग है। खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति नहीं मिल रही, उनका अलंकरण समारोह नहीं हो रहा। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नौकरी नहीं दी जा रही।

उन्होंने कहा कि इस तुगलकी सरकार ने वादे के मुताबिक किसानों का कर्ज माफ नहीं किया, शराबबंदी नहीं की, यूनिवर्सल हेल्थ केयर नहीं दिया, भूमिहीन परिवारों को घर नहीं दिया, कब्जे धारियों को पट्टा नहीं दिया,महिलाओं को सुरक्षा नहीं दे पाए, कर्मचारियों को क्रमोन्नति पदोन्नति चार स्तरीय वेतनमान नहीं दे पाई, कर्मचारियों को नियमित नहीं कर पाए, वृद्धावस्था, विधवा पेंशन को 1000और 1500 नही कर पाए। स्व सहायता समूह का संपूर्ण कर्ज माफ नहीं कर पाए, सिंचाई योजना दुगुनी नहीं कर पाए, 200 फुडपार्क नहीं बनवा पाए, नक्सल समस्या दूर नहीं कर पाए, पत्रकार, वकील, डॉक्टर के सुरक्षा का कानून नहीं बना सके, गजराज योजना लागू नहीं कर पाए,आउटसोर्सिंग बंद नहीं कर पाए, 10 लाख पदों पर भर्ती नहीं कर सकी, संपत्तिकर आधा नहीं कर सकी, कॉलेज छात्रों को मुफ्त परिवहन सुविधा नहीं दे सकी,आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कलेक्टर दर पर वेतन नहीं प्रदान कर सकें,सातवें वेतनमान की बकाया राशि नहीं दे सके, पुलिसकर्मियों को सामूहिक अवकाश नहीं दे पाए, चिटफंड का पूरा पैसा नहीं दिला पाए ऐसी नटवरलाल और शुतुरमुर्ग जी सरकार जनता को सिर्फ ठगने का काम कर रही है। 
बृजमोहन ने कहा कि भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार छत्तीसगढ़ को सिर्फ ठगने का काम कर रही है जिसके चलते विकास की दौड़ में छत्तीसगढ़ पिछड़ गया है।यहां जनता के साथ फरेब हो रहा है।