नवीन शासकीय महाविद्यालय, अमलीडीह, रायपुर में 23 सितंबर 2026 को “पुरातत्वीय प्रतिकृति प्लास्टर कास्ट” कार्यशाला का शुभारंभ किया गया।
कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि डॉ. तपेश गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुरातत्व हमारी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसी कार्यशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव एवं तकनीकी कौशल भी प्राप्त होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को कार्यशाला में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने तथा प्रशिक्षकों से अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. प्रीता लाल द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा कार्यशाला के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला में पुरातत्व संग्रहालय से पधारे प्रशिक्षक श्री संजय झरबड़े ने विद्यार्थियों को पुरातत्वीय प्रतिकृतियों एवं प्लास्टर कास्ट निर्माण की तकनीक का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने प्रतिकृति निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं एवं तकनीकों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।
कार्यशाला की प्रभारी डॉ. तनुजा बघेल, सहायक प्राध्यापक, अंग्रेजी ने बताया कि इस प्रशिक्षण में महाविद्यालय के कुल 65 विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। इस कार्यशाला के अंतर्गत विद्यार्थी कुल नौ प्राचीन मूर्तियों एवं कलाकृतियों की प्रतिकृतियाँ बनाना सीखेंगे। इनमें छठी शताब्दी की बुद्ध प्रतिमा, मंजूषा एवं रुद्र शिव सहित दसवीं शताब्दी की सीता-हनुमान, नायिका आदि की प्रतिकृतियाँ शामिल हैं। इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न ऐतिहासिक कालखंडों की मूर्तिकला, कलात्मक विशेषताओं तथा प्लास्टर कास्ट तकनीक द्वारा प्रतिकृति निर्माण की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए कुछ नया सीखने, प्राचीन पुरातात्विक मूर्तियों एवं कलाकृतियों को समझने तथा उनके संरक्षण और प्रतिकृति निर्माण की प्रक्रिया से परिचित होने का महत्वपूर्ण अवसर है। विद्यार्थियों में इस प्रशिक्षण को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. प्रीता लाल द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया Iअंत में राजनीति विज्ञान के सहायक प्राध्यापक श्री प्रकाश जांडे ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य डॉ. तपेश गुप्ता, प्रशिक्षक श्री संजय झरबड़े, मंच संचालक डॉ. प्रीता लाल, महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।