5 लोगों की सामूहिक मौत का खुलासा, परिवार के मुखिया पर पत्नी और 3 बच्चों की हत्या का आरोप
रायपुर। राजधानी रायपुर के संजय नगर स्थित मदनी चौक में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में करीब सात महीने बाद बड़ा खुलासा हुआ है। विशेष जांच दल (SIT) की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक परिवार के मुखिया साजिद अली के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। जांच में आरोप है कि साजिद ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों को कीटनाशक देकर उनकी हत्या की और बाद में खुद भी आत्महत्या कर ली।
SIT जांच के अनुसार, साजिद अली सट्टे के कारोबार में नुकसान और आर्थिक तंगी से परेशान था। वह गोलबाजार और डगनिया क्षेत्र में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाता था। बैंक खातों की जांच में पिछले पांच वर्षों के दौरान करीब 70 लाख रुपये का लेनदेन सामने आया है। सट्टे का कारोबार बंद होने के बाद उसकी आर्थिक परेशानी बढ़ गई थी।
घटना से पहले बेटे को दो बार किया था फोन
जांच में पता चला कि घटना वाले दिन साजिद ने अपने बेटे इरशाद को दो बार फोन कर घर बुलाया था। वह मिठाई और खाना भी लेकर घर पहुंचा था। पुलिस जांच के मुताबिक, इसके बाद उसने खाने-पीने की चीजों में कीटनाशक मिलाकर पत्नी राबिया और तीन बच्चों को दिया। सीसीटीवी फुटेज में साजिद सुबह 10:18 बजे आखिरी बार घर का दरवाजा बंद करते दिखाई दिया। जांच में यह भी सामने आया कि घटना से करीब ढाई महीने पहले उसने एक परिचित से परिवार के साथ संबंध अच्छे नहीं होने और जीने की इच्छा नहीं होने की बात कही थी।
पांच महीने की जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज
करीब पांच महीने तक चली जांच के बाद टिकरापारा पुलिस ने साजिद अली के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है। SIT की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले को सामूहिक हत्याकांड के रूप में दर्ज किया है।
17 जुलाई को एक ही घर में मिले थे पांच शव
बता दें कि यह मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित मदनी चौक का है। 17 जुलाई को किराए के मकान में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिले थे। मृतकों की पहचान साजिद अली (50), उनकी पत्नी राबिया और तीन बच्चों इरशाद अली, शाहिदा बेगम तथा इरशाबा परवीन के रूप में हुई थी। घटना के समय साजिद का शव फांसी पर लटका मिला था, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों के शव घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले थे। मामले की जांच के बाद अब पुलिस ने इसे हत्या और आत्महत्या से जुड़ा मामला मानते हुए साजिद के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है।