रतनजोत खाने से 24 से अधिक बच्चे बीमार, 7 की हालत गंभीर

रतनजोत खाने से 24 से अधिक बच्चे बीमार, 7 की हालत गंभीर

धमतरी जिले के बोरझरा गांव में रविवार को एक गंभीर और चिंताजनक घटना सामने आई, जब खेल-खेल में बच्चों ने रतनजोत के बीज खा लिए।

इसके बाद 24 से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत के बाद सात बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोपहर के समय बच्चे गांव के पास खेल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने आसपास उगे रतनजोत के पेड़ के बीज तोड़कर खा लिए, जिनके जहरीले और हानिकारक प्रभाव की उन्हें जानकारी नहीं थी।

कुछ ही देर में बच्चों को उल्टी, चक्कर और पेट दर्द जैसी समस्याएं शुरू हो गईं। स्थिति बिगड़ते देख ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया।

चिकित्सकों के मुताबिक अधिकांश बच्चों की हालत अब स्थिर है, हालांकि सात बच्चों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों को ऐसे जहरीले पौधों से दूर रखने की अपील की है।