10 किलो गांजा के साथ दो युवतियां गिरफ्तार
रायपुर एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो युवतियों को 10 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के संयुक्त मॉनिटरिंग में की गई। पुलिस को 17 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना टिकरापारा क्षेत्रांतर्गत भाठागांव स्थित रावणभाठा मैदान के पास दो महिलाएं गांजा बिक्री की फिराक में हैं।
घेराबंदी कर पकड़ी गईं आरोपी
सूचना को गंभीरता से लेते हुए एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों युवतियों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम खिलेश्वरी वर्मा (18 वर्ष) निवासी भनपुरी, थाना खमतराई रायपुर तथा इसरत बानो (21 वर्ष) निवासी शहडोल, मध्य प्रदेश बताया।
तलाशी के दौरान उनके बैग से कुल 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 137/26 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ कर प्रकरण में फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर अन्य संलिप्त आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी।
वर्ष 2026 में बड़ी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट द्वारा गांजा के 14 प्रकरणों में 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 141.768 किलोग्राम गांजा, 2,04,700 रुपये नकद, 2 चारपहिया वाहन और 6 मोबाइल फोन सहित कुल लगभग 83,25,200 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।