कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की कार्रवाई

कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की कार्रवाई

कोतवाली थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2019 में कोतवाली थाने में रोहित तोमर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 327 (जबरन वसूली), 384 (उगाही) और 506 (जान से मारने की धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी लंबे समय से फरार था। अदालत द्वारा स्थायी वारंट जारी किए जाने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज की और अंततः उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वारंट के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

तेलीबांधा मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत
रोहित तोमर और उसके भाई वीरेंद्र तोमर के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। तेलीबांधा थाने में दर्ज एक मारपीट के मामले में रोहित तोमर की गिरफ्तारी पर सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम रोक लगाई है। इसी कारण हाल ही में कोर्ट आदेश के साथ रायपुर पहुंचने पर उस मामले में उसकी गिरफ्तारी नहीं की गई थी।

हालांकि, कोतवाली थाने के प्रकरण में फरारी और स्थायी वारंट के चलते पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।

भाई वीरेंद्र तोमर भी हो चुका है गिरफ्तार
पिछले वर्ष रायपुर पुलिस ने रोहित तोमर के बड़े भाई वीरेंद्र तोमर को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया था। उसे पुरानी बस्ती थाने लाया गया था, जहां पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की थी।

फिलहाल रोहित तोमर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस उसके अन्य लंबित मामलों की भी समीक्षा कर रही है।