सराफा व्यापारी से 25 लाख की लूट, बाइक सवार बदमाश झोले छीनकर फरार
बिलासपुर। जिले में सराफा व्यापारी से लूट की बड़ी वारदात ने कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। मामला सीपत थाना क्षेत्र के खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स का है, जहां दुकान बंद करते समय तीन बाइक सवार बदमाशों ने सोना-चांदी से भरे झोले लूट लिए।जानकारी के मुताबिक व्यापारी रोज की तरह रात में शटर बंद कर रहा था। उसी दौरान चेहरे कपड़े से ढंके तीन युवक बाइक से पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने कुछ ही सेकंड में झपट्टा मारकर तीन झोले छीने और तेज रफ्तार से भाग निकले।प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 60 ग्राम सोना और 8 किलो से अधिक चांदी लूटी गई है। कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी जा रही है। घटना के बाद आसपास के लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नाकेबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी अकलतरा-बलौदा मार्ग की ओर भागे हैं। इस दिशा में विशेष टीमें लगाई गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और मूवमेंट का पता लगाया जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है।