दुर्ग में चोरी-छिपे अफीम की खेती का भंडाफोड़, डेढ़ एकड़ फसल जब्त, एक संदिग्ध हिरासत में

दुर्ग में चोरी-छिपे अफीम की खेती का भंडाफोड़, डेढ़ एकड़ फसल जब्त, एक संदिग्ध हिरासत में

दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए डेढ़ एकड़ में लगी अफीम की फसल जब्त की है। मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।जानकारी के मुताबिक मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के समोदा गांव का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव के एक खेत में चोरी-छिपे अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही शुक्रवार को पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत में छापा मारा।

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर अफीम बोई गई थी। खास बात यह रही कि फसल को छिपाने के लिए खेत के चारों ओर ज्वार बोया गया था, ताकि किसी को शक न हो। ज्वार के बीच में अफीम की खेती की जा रही थी।

पुलिस ने खेत के मालिक से पूछताछ की तो उसने बताया कि जमीन लीज पर दी गई थी और उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि वहां क्या खेती की जा रही है। खेत में काम करने वाले मजदूर खंडवा के बताए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने विनायक ताम्रकार नाम के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है। मौके पर तहसीलदार और आरआई को भी बुलाया गया है, जिनकी मौजूदगी में आगे की कार्रवाई की जा रही है।