गर्मी के चलते राशन दुकानों का समय बदला
छत्तीसगढ़ में बढ़ती गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए राशन दुकानों के संचालन समय में बड़ा बदलाव किया है। अब प्रदेश की सभी उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न वितरण सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक किया जाएगा।
नए आदेश के अनुसार, दोपहर की तेज गर्मी से बचाव के लिए दुकानें दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक बंद रहेंगी। इसके अलावा निर्धारित अवकाश के दिनों में राशन वितरण पूरी तरह बंद रहेगा।
पहले राशन दुकानें सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुलती थीं, जिससे लोगों को कड़ी धूप में लाइन में लगना पड़ता था। समय में बदलाव के बाद अब हितग्राही सुबह और शाम के अपेक्षाकृत ठंडे समय में आसानी से राशन ले सकेंगे।
सरकार के इस फैसले से बुजुर्गों, महिलाओं और मजदूर वर्ग को खास राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन ने सभी दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि वे नए समय का सख्ती से पालन करें, ताकि आम जनता को किसी तरह की असुविधा न हो।