महासमुंद में कार से 9 करोड़ का सोना जब्त, तीन युवक गिरफ्तार
महासमुंद जिले की सिंघोड़ा पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वोक्सवैगन कार से 7.512 किलो सोना जब्त किया है। जब्त सोने की कीमत करीब 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, एनएच-353 स्थित रेहटीखोल जांच नाके पर 17 मई 2026 को वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उड़ीसा की ओर से आ रही वोक्सवैगन कार क्रमांक जीजे 03 एनपी 4230 को रोककर जांच की गई। कार में सवार युवकों ने अपने नाम जयेश अकबरी, सुनीत और रूशी अग्रावत बताए, जो गुजरात के निवासी हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस को कार की पिछली सीट में बनाए गए विशेष चैंबर में दो पीठू बैग मिले। बैग में रखे छह प्लास्टिक बॉक्सों में विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण छिपाकर रखे गए थे। जांच में इन आभूषणों का कुल वजन 7512.488 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने आरोपियों से सोने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सोना जब्त कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत कार्रवाई की।
मामले की जानकारी आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय को भी भेज दी गई है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना कहां से लाया गया था और इसे किस उद्देश्य से गुजरात ले जाया जा रहा था।