मंत्रालय बस दुर्घटना में महिला कर्मचारी गंभीर रूप से घायल, जर्जर बसों के विरोध में कर्मचारियों में आक्रोश
रायपुर । आज संचालनालय भू-अभिलेख में पदस्थ एक महिला कर्मचारी श्रीमती एब्रेसिया किंडो बस के चालक की कथित लापरवाही के कारण गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल रामकृष्ण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस.एन. मढ़रिया ने बताया कि चोट इतनी गंभीर है कि उनका पैर काटने की नौबत भी आ सकती है।
इस हृदयविदारक घटना ने मंत्रालय एवं नवा रायपुर आने-जाने वाले कर्मचारियों को झकझोर कर रख दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि नवा रायपुर के लिए संचालित अधिकांश बसें जर्जर एवं कंडम हो चुकी हैं। इन बसों की खराब स्थिति को लेकर लंबे समय से लगातार शिकायतें और मांगें की जाती रही हैं, किंतु अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
घटना के बाद कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। यदि शीघ्र ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो कर्मचारी कल इंद्रावती भवन में उग्र प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस संबंध में आज परिवहन आयुक्त से चर्चा हुई, जिसमें उन्होंने कल अपराह्न 3:00 बजे अपने कक्ष में बैठक आयोजित करने पर सहमति प्रदान की है।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने मांग की है कि इस बैठक में एनआरडीए, मंत्रालय सुरक्षा अधिकारी, रजिस्ट्रार मंत्रालय तथा संबंधित बस मालिक/संचालक के प्रतिनिधि की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए, ताकि दुर्घटना के कारणों की जवाबदेही तय हो, कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी निर्णय लिए जाएँ तथा भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
फेडरेशन ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षित, फिटनेस प्रमाणित तथा पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था शासन द्वारा तत्काल सुनिश्चित की जानी चाहिए।