किसान, जवान और संविधान के मुद्दों पर बीजेपी को घेरेगी कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के 7 जुलाई को रायपुर दौरे को लेकर प्रदेशभर में तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इसी कड़ी में सारंगढ़ जिला मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक और प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी जरिता ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।
किसान, जवान और संविधान के मुद्दों पर BJP को घेरेगी कांग्रेस
जरिता ने प्रेसवार्ता में कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा शासन के दौरान किसानों को नकली खाद दी जा रही है। गुजरात के व्यापारी, जो प्रधानमंत्री मोदी के करीबी हैं, छत्तीसगढ़ के किसानों का शोषण कर रहे हैं। जवानों की सुरक्षा और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध पर सरकार असंवेदनशील बनी हुई है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले 17 महीनों में 3000 से ज्यादा बलात्कार के मामले सामने आए हैं, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
विधायक कविता प्राण लहरे पर की गई टिप्पणी का मामला गरमाया
प्रेसवार्ता में जरिता ने बिलाईगढ़ की विधायक कविता प्राण लहरे पर की गई कथित अशोभनीय टिप्पणी का ज़िक्र करते हुए कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो मानहानि का दावा दायर किया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का भी आरोप लगाया।
स्कूल बंद, शराब दुकानों को बढ़ावा—सरकार की प्राथमिकता पर उठे सवाल
जरिता ने कहा कि प्रदेश में 10,000 से अधिक स्कूलों को बंद कर दिया गया है। शराब दुकानों को बढ़ावा दिया जा रहा है। रायगढ़ में हजारों लोगों के घर उजाड़े गए। तमनार जैसे इलाकों में वनों की कटाई कर आदिवासियों के हक छीने जा रहे हैं।
7 जुलाई को रायपुर में भाजपा के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन
जरिता ने घोषणा की कि कांग्रेस 7 जुलाई को रायपुर में राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी। उन्होंने कहा, “यह केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि लोकतंत्र और आम जनता की आवाज को बचाने की लड़ाई है।”
उन्होंने कहा कि हम किसान, जवान और संविधान की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरेंगे। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और अब जनता को सच्चाई से रूबरू कराना जरूरी हो गया है।
7 जुलाई को मल्लिकार्जुन खड़गे के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह भाजपा सरकार को किसान, शिक्षा, महिला सुरक्षा और लोकतंत्र के मुद्दों पर घेरने के लिए तैयार है। अब रायपुर में कांग्रेस का अगला कदम सियासी हलचल तेज कर सकता है।aa