क्रिकेटर धोनी का नाम लेकर मासूम का अपहरण, तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं

अपहरणकर्ताओं ने कहा था कि महेन्द्र सिंह धोनी गरीब बच्चों को बांट रहे रुपए

क्रिकेटर धोनी का नाम लेकर मासूम का अपहरण, तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं

रांची (एजेंसी)। झारखंड की राजधानी रांची से अपरहरण का एक अनोखा मामला सामने आया है। शातिर अपराधियों ने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम पर झांसा देकर डेढ़ साल के मासूम बच्चे का अपहरण कर लिया है। अपराधियों के इस तरीके से पुलिस भी हैरान है। तीन दिन आद भी अपहरणकर्ताओं का कोई सुराग पुलिस को अब तक नहीं मिल पाया है।
जिले के जगन्नाथपुर निवासी मधु देवी अपने दो बच्चों के साथ हिनू में एक स्टॉल से बच्चों के कपड़े खरीद रही थीं। इसी दौरान एक बाइक सवार महिला के साथ वहां पहुंचा। उसने कहा कि धोनी गरीबों को पांच हजार रुपए और घर दे रहे हैं। मधु देवी उस शातिर के झांसे में आ गईं। लालच में आकर महिला ने बाइक सवार अपराधी से पूछा कि क्या वे उसे भी वहां छोड़ देंगे जहां धोनी पैसे बांट रहे हैं।
मधु की बात सुनकर बाइक सवार ने हां कहा। इसके बाद पीड़ित महिला अपने डेढ़ साल की बच्ची के साथ बाइक पर सवार हो गईं। वहीं उन्होंने अपनी आठ साल की बेटी को खाने-पीने के स्टॉल पर छोड़ दिया। बाइक सवार मने उन्हें बिजली आॅफिस पर उतार दिया। महिला से कहा कि गरीबों को पैसे बांटने के लिए इसी आॅफिस में बैठक चल रही है। जैसे ही मधु का ध्यान भटका बाइक सवार और उसकी साथी ने डेढ़ साल की बच्ची को उठाया और वहां से भाग गए।
मधु ने दौड़कर अपनी बच्ची को पकड़ने की कोशिश की लेकिन तब तक दोनों आरोपी उसे लेकर रफ्फूचक्कर हो गए। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई। थानेदार ने बताया की जांच चल रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।