तेज आवाज वाले बुलेट साइलेंसर पर पुलिस का शिकंजा, 3 बुलेट के मॉडिफाइड साइलेंसर उतरवाए; 7 नाबालिग वाहन चालक पकड़े

तेज आवाज वाले बुलेट साइलेंसर पर पुलिस का शिकंजा, 3 बुलेट के मॉडिफाइड साइलेंसर उतरवाए; 7 नाबालिग वाहन चालक पकड़े

धमतरी। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर धमतरी पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले बुलेट चालकों और नाबालिगों के वाहन चलाने पर कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस की जांच के दौरान तीन बुलेट मोटरसाइकिलों में निर्धारित मानकों के विपरीत तेज आवाज उत्पन्न करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे पाए गए। पुलिस ने तत्काल तीनों मोटरसाइकिलों से मॉडिफाइड साइलेंसर उतरवाए और संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 1 हजार रुपये के हिसाब से कुल 3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

7 नाबालिग वाहन चलाते मिले

विशेष जांच अभियान के दौरान पुलिस ने 7 नाबालिग बच्चों को मोटरसाइकिल चलाते हुए पकड़ा। सभी को रोककर यातायात चौकी लाया गया और उनके परिजनों को यातायात कार्यालय बुलाया गया। पुलिस ने परिजनों को समझाइश देते हुए कहा कि बच्चों को निर्धारित उम्र पूरी होने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने से पहले किसी भी प्रकार का मोटर वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जाए। पुलिस ने अभिभावकों को बताया कि नाबालिगों को वाहन चलाने देना केवल कानून का उल्लंघन ही नहीं, बल्कि बच्चों और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों की भी जांच

यातायात पुलिस द्वारा अभियान के दौरान एल्कोमीटर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच भी की जा रही है। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य शराब पीकर वाहन चलाने जैसी खतरनाक प्रवृत्ति पर रोक लगाना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।