दो मासूम बच्चों की गला रेतकर हत्या, पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में किया ढेड़, आगजनी के बाद अर्ध सैनिक बल तैनात

दो मासूम बच्चों की गला रेतकर हत्या, पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में किया ढेड़, आगजनी के बाद अर्ध सैनिक बल तैनात

उत्तर प्रदेश। बदायूं जिले से दिल दहालने वाली वारदात सामने आई है। यहां दो मासूम बच्चों की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया। दो बच्चों की हत्या के बाद भीड़ आक्रोशित हो गई। उन्होंने आगजनी कर तोड़फोड़ भी की। उल्लेखनीय है कि बदायूं की बाबा कॉलोनी में मंगलवार रात करीब 8 बजे ठेकेदार विनोद ठाकुर के दो बेटों आयुष (13) और अहान (6) की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। जिस जगह वारदात हुई वह मंडी समिति पुलिस चौकी से सिर्फ 500 मीटर दूर है। आरोपियों के दूसरे समुदाय के होने से गुस्सा भड़क उठा। जाम लगाकर हंगामा करते हुए दूसरे समुदाय के तीन खोखों में आग लगा दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी साजिद को मौके से करीब दो किमी. दूर पुरानी चांदमारी के पास घेराबंदी कर मुठभेड़ में ढेर कर दिया। उसके दो साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस हत्या की वजह पता कर रही है।जानकारी के अनुसार, बाबा कॉलोनी में मजिया रोड के रहने वाले ठेकेदार ‘हर घर जल योजना’ के तहत ओवरहेड टैंक का निर्माण कराते हैं। उनके मकान के सामने ही कस्बा सखानू के रहने वाले साजिद की बाल काटने की दुकान है। विनोद की पत्नी संगीता अपने मकान के निचले हिस्से में ब्यूटी पार्लर चलाती हैं।इसके चलते दोनों परिवारों के काफी अच्छे संबंध थे। साजिद का उनके घर आना-जाना भी था। मंगलवार रात संगीता तीन बच्चों आयुष, अहान और पीयूष (8) के साथ घर पर थीं, जबकि विनोद लखीमपुर खीरी गए हुए थे। साजिद शाम चार बजे दुकान बंद करके चला गया था।साजिद रात आठ बजे अपने दो साथियों के साथ आया तो संगीता उनके लिए चाय बनाने अंदर को चली गईं। तभी साजिद उनके दो बेटों आयुष और अहान को अपने साथ ऊपर ले गया। साथ ही, पीयूष से पानी लाने के लिए कहा। जब तक वह पानी लेकर ऊपर पहुंचा तब तक साजिद ने धारदार हथियार से आयुष और अहान की हत्या कर दी। सामने आए पीयूष पर भी चाकू से वार किया तो वह चीखता हुआ नीचे भागा। पीयूष के पीछे साजिद भी दौड़ा तो यह देख मां ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े और मां-बेटे को बाहर खींचकर दरवाजा बंद कर दिया।सूचना पर पहुंची पुलिस साजिद की तलाश में जुट गई। इस बीच आसपास के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। नृशंस हत्या देख उनका गुस्सा बढ़ने लगा। इधर आक्रोशित भीड़ ने साजिद की दुकान तोड़कर सामान निकाला और सड़क पर रखकर फूंक दिया। आसपास के चार दुकानों को आग के हवाले कर दिया। लोग एक समुदाय के धर्मस्थल तक पहुंच गए लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
आगजनी के बाद गुस्साए लोग पुलिस चौकी पहुंच गए। वहां घेराव कर नारेबाजी करने लगे। सूचना पर एसएसपी पहुंचे और अन्य अफसरों के साथ मिलकर उन्हें समझाया। क्षेत्र में हालात नियंत्रण के लिए भारी पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात कर दिया। बाद में खबर मिली कि साजिद को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया।
आरोपी साजिद का पीछा करते हुए थाना पुलिस और एसओजी की टीम जब शेखूपुर के जंगल तक पहुंची तो साजिद ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से सिविल लाइंस इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। इसमें साजिद को भी गोली लग गई। पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायल इंस्पेक्टर आईसीयू में भर्ती कराया गया है।ठेकेदार विनोद ठाकुर ने पढ़ने के लिए तीनों बेटों का दाखिला नजदीक के ही शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कराया था। आयुष कक्षा छह का छात्र था, जबकि अहान एलकेजी में पढ़ता था। पीयूष कक्षा तीन का छात्र है। उनके दोस्तों के मुताबिक, आयुष और अहान बहुत सीधे थे। वे घर से बाहर खेलने भी नहीं जाते थे। स्कूल में जरूर अपने दोस्तों से मिलते थे। पढ़ाई में भी होशियार थे।