नेहरू नगर गार्डन में विधायक ने दी दबिश, प्रेमी जोड़ों को दी समझाइश

नेहरू नगर गार्डन में विधायक ने दी दबिश, प्रेमी जोड़ों को दी समझाइश

भिलाई। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन अचानक नेहरू नगर गार्डन पहुंचे। विधायक जब प्रेमी जोड़ों को समझाइश देते उन्हें पढ़ाई लिखाई और कैरियर बनाने की बात कहने लगे तो एक प्रेमी का दर्द छलक उठा। उसने यहां तक कह दिया कि हम आखिर जाएं कहां? विधायक जी आपने ओयो बंद करवा दिया, हर मेल मुलाकात की जगह आपको लेकर दहशत है, अब हम वैशाली नगर छोड़ कर भिलाई के मैत्री गार्डन जाएंगे।एक लड़की ने विधायक से बहस करते हुए यह तक कह दिया कि प्रेम प्यार और छिप छिप कर मिलना तो बरसों से होता आ रहा है। घर में पैरेंट्स हैं और बाहर आप?गौरतलब हो कि इस बार विधायक स्वयं छापेमारी करने कल दोपहर नेहरू नगर उद्यान पहुंच गए और प्रेमी जोड़ों को समझाइश देने लगे। प्रेमी जोड़े भी विधायक से बहस पर उतारु हो गए। कहा कि ओयो भी बंद करा दिया आपने, अब जाएं तो जाएं कहां। इस पर रिकेश ने गार्डन में प्रेम प्रेमालाप करने से मना किया। विधायक रिकेश सेन को उद्यान के आसपास रहने वालों ने ही यह शिकायत की थी कि यहां पर अश्लील हरकतें होती हैं जिससे गार्डन में वाक करने गईं महिलाएं तक असहज महसूस करती हैं। प्रेमी जोड़ों की लगातार बैठक से आस पास का वातावरण खराब हो रहा है। विधायक रिकेश सेन को यह भी शिकायत मिली कि नेहरू नगर का गार्डन प्रेमी जोड़ों का अड्‌डा बन चुका है। यहां प्रेमी जोड़े अश्लील हरकत करते देखे जा सकते हैं। यह बात विधायक को नागवार गुजरी और रविवार दोपहर वह स्वयं छापेमारी करने नेहरू नगर गार्डन पहुंच गए। वहां आधा दर्जन प्रेमी जोड़े भरी दोपहरी में मौजूद थे। विधायक का काफिला देख प्रेमी जोड़े थोड़ा सकपकाए जरूर पर भागे नहीं। विधायक गाड़ी से उतरकर एक एक के पास पहुंचे और इस दौरान उनके समर्थकों ने मोबाइल चालू रखा था। वीडियो बनता देख कई प्रेमी जोड़े सकपका भी गए। विधायक रिकेश सेन प्रत्येक प्रेमी जोड़े के पास पहुंचे और पूछा कि उद्यान में क्या कर रहे हो, इस पर प्रेमी जोड़े भी विधायक से कहने लगे कि वे क्या करें आप ने ओयो बंद करा दिया है, अब हम कहां जाएं। ओयो था तो वहां मिल लिया करते थे। इस बात पर विधायक रिकेश सेन भड़क गए और कहा कि गलत काम के लिए वैशाली नगर में कोई जगह नहीं है।  सेन ने बताया कि बहुत दिनों से शिकायत मिल रही थी कि नेहरू नगर गार्डन को अय्याशी का अड्डा बना दिया गया है, इसलिए वह स्वयं यहां पहुंचे। वास्तव में प्रेमी जोड़े यहां मौजूद थे। उन्हें समझाइश देकर घर भेजा गया है। अब पुलिस प्रशासन यहां नजर रखेगी।