महिला ने चप्पल से किया वकील पर हमला, दुर्ग अधिवक्ता संघ ने चक्का जाम कर किया प्रदर्शन

महिला ने चप्पल से किया वकील पर हमला, दुर्ग अधिवक्ता संघ ने चक्का जाम कर किया प्रदर्शन

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक महिला द्वारा चप्पल से वकील को मारने का मामला सामने आया है। इसके विरोध में अधिवक्ताओं ने चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

दुर्ग जिला न्यायालय के अधिवक्ता संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में वकीलों ने दुर्ग में चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग थी कि पक्षकार आए दिन वकीलों पर हमला कर रहे हैं। पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है। उन्होंने जल्द FIR दर्ज ना करने पर नाराजगी जताई। पुलिस प्रशासन के खिलाफ सड़क पर ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। दुर्ग जिला न्यायालय के सामने पटेल चौक के पास शनिवार शाम को बड़ी संख्या में वकील ने एकजुट होकर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस बल वहां पहुंचा, लेकिन वकीलों ने उनकी एक ना सुनी। वकीलों ने वहां पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इसके बाद आनन फानन में मौके पर एएसपी अभिषेक झा पहुंचे। उन्होंने अधिवक्ता संघ की अध्यक्ष से चर्चा की और उसके बाद FIR दर्ज करने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ। वही दुर्ग अधिवक्ता संघ की अध्यक्ष नीता जैन ने कहा कि एक महिला पक्षकार ने वकील को चप्पल से मारा। हमने मामले को शांत करने की कोशिश की, लेकिन महिला उल्टा वकील पर FIR दर्ज कराने के लिए थाने पहुंच गई। वहां महिला ने उल्टा आरोप लगाया कि वकील ने पहले उसके ऊपर हमला किया। उसने जबरदस्ती उसके मामले में समझौता करने का दबाव बनाया है। अधिवक्ता संघ ने महिला का मामला होने के चलते यह भी कहा कि दोनों पक्षों में बात करके मामले को निपटा सकते हैं, लेकिन महिला मानने को तैयार नहीं थी। उसने पहले वकील को मारा फिर उल्टा FIR दर्ज कराने पहुंच गई।