फावड़े से पत्नी को काटने के बाद पति ने फांसी लगाकर कर ली खुदकुशी

दुर्ग जिले के खोपली गांव की घटना

फावड़े से पत्नी को काटने के बाद पति ने फांसी लगाकर कर ली खुदकुशी

भिलाई. खोपली गांव निवासी एक युवक ने पत्नी को बेरहमी से मारने के बाद खुद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को पीएम के लिए भेज दिया है। मामला उतई थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम 6 बजे के करीब हेंगल बंजारे अपनी पत्नी दशोदा के साथ खेत गया था। वो लोग खेत गए, लेकिन वापस नहीं लौटे। जब घर के लोग उन्हें खोजते खेत पहुंचे तो देखा स्टोर रूम का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने दीवार पर बने एक होल से अदर देखा तो हेंगल फंदे पर लटका था और नीचे जमीन पर दशोदा की खून से लतपथ लाश पड़ी थी।रात 10 बजे सूचना मिली तो उतई थाना की टीम मौके पर पहुंचे। लोगों ने दरवाजा तोड़ने का काफी प्रयास किया, लेकिन वो नहीं खुला। इसके बाद दीवार में छेनी हथोड़ी के सहारे होल किया गया। अंदर दशोदा की लाश खून से लतपथ पड़ी थी और हेंगल फंदे से लटका हुआ था। पुलिस ने दोनों शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद दुर्ग मरचुरी भेज दिया है। पुलिस ने स्टोर रूम को सील कर दिया है।पुलिस के अनुसार हेंगल ने स्टोर रूम में रखे फावड़े से दशोदा के ऊपर हमला किया। उसने उसके गले और सिर में कई वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद खुद भी छत में लगी लकड़ी के सहारे फंदा बनाकर झूल गया। हेंगल ने ऐसा क्यों किया इसका पता नहीं चल पाया है।